उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

फाइलेरिया उन्मूलन के लिए 19 नवंबर से 5 दिसंबर तक चलेगा एमडीए अभियान

प्रदेश को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में एक बार फिर व्यापक स्तर पर अभियान चलाने की तैयारी है। 19 नवंबर से शुरू होने जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य हेकाली झिमोमी ने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए अंतरविभागीय सहयोग बहुत जरूरी है। वह स्वयं सभी 16 जिलों के जिलाधिकारियों से बात करेंगी और जिलास्तरीय विभागाध्यक्षों के माध्यम से अधिकारियों-कर्मचारियों को सक्रिय करने को कहेंगी। साथ ही दवा खाते हुए फोटो वायरल करने की अपील करेंगी।

प्रमुख सचिव ने गुरुवार को आयोजित स्टेट टास्क फोर्स की बैठक में एमडीए अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में शिक्षा, नगर विकास, पंचायती राज, यूपीएसआरएलएम समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय, रणनीति और जिम्मेदारियों का भरोसा दिलाया।

प्रमुख सचिव ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि फाइलेरिया उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायती राज संस्थाओं और सामुदायिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने बताया कि एमडीए के दौरान 1.21 करोड़ की लक्षित आबादी को फाइलेरिया से बचाव की दवाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार खिलाई जाएंगी। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार प्रवासी व इनकार करने वाले व्यक्तियों पर फोकस है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ पिंकी जोवेल ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को अपने क्षेत्र के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को दवा खिलवाना सुनिश्चित करना है। उन्होंने एमडीए के दौरान सभी सहयोगी संस्थाओं से मानिटरिंग में सहयोग करने की अपील की। बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि फाइलेरिया के संक्रमण को रोकने के लिए नियमित दवा सेवन बेहद जरूरी है। इस बीमारी का संक्रमण संक्रमित मच्छर के काटने से फैलता है। कई बार संक्रमित व्यक्ति में लंबे समय तक बीमारी के लक्षण दिखाई नहीं देते, लेकिन वह संक्रमण की शृंखला का हिस्सा बना रह सकता है। लंबे समय तक संक्रमण रहने पर हाथ-पैरों में सूजन (हाथीपांव) और हाइड्रोसील जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए स्वस्थ दिखने वाले लोगों के लिए भी अभियान के दौरान निर्धारित दवा का सेवन महत्वपूर्ण है।

राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने बताया कि प्रदेश के 51 जिलों के 782 ब्लाॅक में फैली यह बीमारी अब 16 जिलों के 53 ब्लाॅक में सिमट गई है। उन्होंने बताया कि इन 16 जिलों में एक लाख 91 हजार 487 कभी न दवा खाने वाले और पांच लाख 38 हजार 351 प्रवासी लोगों की सूची तैयार है। इसके अलावा तीन लाख 31 हजार 368 इनकार करने वाले लोगों को भी इस अभियान में दवा खिलाई जाएगी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button