यूपी में रसोइयों के लिए खुशखबरी! अक्टूबर में मानदेय के साथ मिलेगा एरियर, जानिए खाते में आएंगे कितने रुपए

उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील (एमडीएम) बनाने वाले रसोइयों के लिए राहत भरी खबर है। योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से मानदेय में की गई बढ़ोतरी का लाभ इसी महीने मिलने की उम्मीद है। अक्टूबर में रसोइयों को मिलने वाले मानदेय के साथ सितंबर का एक हजार रुपये एरियर भी दिया जाएगा। इस तरह उनके बैंक खातों में कुल चार हजार रुपये आने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगस्त में मिड-डे मील रसोइयों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की थी। इसके तहत रसोइयों का मासिक मानदेय दो हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया गया है। बढ़ा हुआ मानदेय सितंबर 2026 से लागू किया गया है।
सितंबर का एरियर भी अक्टूबर के मानदेय में जुड़ेगा
मानदेय में बढ़ोतरी के बाद रसोइयों को सितंबर से हर महीने तीन हजार रुपये मिलेंगे। सितंबर का एक हजार रुपये का बकाया अक्टूबर में मिलने वाले मानदेय के साथ दिया जाएगा। इस हिसाब से अक्टूबर में तीन हजार रुपये मानदेय और एक हजार रुपये एरियर मिलाकर कुल चार हजार रुपये मिलने की उम्मीद है।
3.53 लाख से अधिक रसोइयों को मिलेगा लाभ
इस फैसले से प्रदेश के तीन लाख 53 हजार से अधिक मिड-डे मील रसोइयों को लाभ मिलने की बात कही गई है। मिड-डे मील के निदेशक प्रेम रंजन सिंह ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। दिवाली से पहले बढ़ा हुआ मानदेय और एरियर मिलने से रसोइयों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से कम मानदेय पर काम कर रहे रसोइयों के लिए यह बढ़ोतरी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



