देवरिया पुलिस को बड़ी सफलता, गैंगस्टर एक्ट के तीन वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

गौरव कुशवाहा
देवरिया। पुलिस को अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बनकटा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने इन अपराधियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मोहर्रम अंसारी पुत्र चांदमोहम्मद, निवासी कोठा, थाना बनकटा; मनीष पासवान पुत्र रामज्ञान उर्फ रामध्यान, निवासी दुबौली, थाना भाटपाररानी; और राजेश यादव पुत्र नन्द जी यादव, निवासी खोराबार जंजीरहा, थाना बनकटा शामिल हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि ये तीनों अभियुक्त कोठा और कुरमौली गांव के बीच स्थित एक ईंट भट्ठे के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर थाना बनकटा पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयप्रकाश दूबे, कांस्टेबल रवि राय, संजय गुप्ता और किसलय कन्नौजिया की टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त थे और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज था। पुलिस ने नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



