देवरिया में ‘मिशन शक्ति मेला’ का भव्य आयोजन, महिला सशक्तिकरण को मिला नया आयाम

आज का युग नारी सशक्तिकरण का युग है। ‘मिशन शक्ति’ के तहत बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण और वित्तीय साक्षरता से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, जिससे वे हर चुनौती का सामना कर सकें। – शालिनी श्रीवास्तव
जब महिलाएं शिक्षित होंगी, तो वे आत्मनिर्भर बनेंगी और समाज को मजबूत बनाएंगी। राजनीति, प्रशासन और व्यवसाय में उनकी भागीदारी प्रगति का संकेत है। जब महिलाएं नेतृत्व करेंगी, तो समावेशी विकास संभव होगा। – अल्का सिंह
महिलाओं को सुरक्षित और समान अवसर मिलें, तो वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर सकती हैं। सशक्त समाज वही है, जहां महिलाओं को सम्मान और स्वावलंबन का अधिकार मिले। – श्वेता जायसवाल
गौरव कुशवाहा
देवरिया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस और हमारा आंगन हमारे बच्चे उत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को जनपद देवरिया में एक भव्य मिशन शक्ति मेला का आयोजन किया गया। संबंध लॉन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए कई प्रभावशाली गतिविधियाँ और प्रेरणादायक संबोधन हुए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद देवरिया की अध्यक्ष अलका सिंह, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद गौरा बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल, और श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशि सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं। शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथियों को मोमेंटो प्रदान कर किया।

मुख्य अतिथि अलका सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “जब महिलाएं शिक्षित होंगी, तो वे आत्मनिर्भर बनेंगी और एक मजबूत समाज की नींव रखेंगी। राजनीति, प्रशासन और व्यवसाय में महिलाओं की भागीदारी विकास की दिशा तय करती है।” वहीं, विशिष्ट अतिथि श्वेता जायसवाल ने महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण को प्राथमिकता देने की बात कही, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ‘रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम’ के माध्यम से जनपद के उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए तैयार किया जा रहा है।
इसके अलावा, छात्राओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए ‘बैंक भ्रमण एवं खाता संचालन प्रक्रिया’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिससे वे वित्तीय साक्षरता प्राप्त कर अपने भविष्य को सुरक्षित कर सकें।
मेला के दौरान इंस्पायर अवार्ड और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, मिशन शक्ति अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिकाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी विशेष सम्मान दिया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी भलुअनी सूरज कुमार, देवरिया सदर देव मुनि वर्मा, लार अमित कुमार सिंह, गौरीबाजार विनय शील मिश्रा और पथरदेवा गोपाल मिश्रा ने अपने विचार साझा करते हुए महिलाओं के उत्थान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ला ने किया, जबकि इस दौरान सामुदायिक शिक्षा एवं बालिका शिक्षा समन्वयक डॉ. आलोक पांडे, जिला समन्वयक प्रशिक्षक स्वप्नेश मंगलम, एसआरजी शीला चतुर्वेदी, उपेंद्र उपाध्याय, एवं विभिन्न ब्लॉकों के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।



