उत्तर प्रदेश

मां समय माता मंदिर पर भगवती जागरण में भजनों पर झूमे श्रद्धालु । रिपोर्टर – सरताज आलम

ख्वाजा एक्सप्रेस दैनिक समाचार पत्र पोर्टल यूट्यूब चैनल - शोहरत गढ़/सिद्धार्थनगर। आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ की प्राचीन व प्रसिद्ध मां समय माता मंदिर भिरण्डा पर नवरात्र के सातवें दिन की संध्या पर विशाल भगवती जागरण का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरी रात श्रद्धालु मां के भजनों में डूबे रहे और वातावरण जयकारों से गुंजायमान रहा। जागरण से पूर्व मंदिर परिसर में मां का भव्य दरबार सजाया गया तथा ज्योति प्रज्ज्वलित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वन्दना से हुई। भजन गायिका अर्पणा मिश्रा ने "मैं परदेशी हूं भिरण्डा माता के दरबार पहली बार आई हूं" भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया, जिस पर पाण्डाल तालियों की गड़गड़ाहट और मां के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद गायक श्रवण सुल्तानपुरी व शिव मिश्रा ने "दुनिया चले न श्रीराम के बिना, राम जी हनुमान चले न हनुमान के बिना" सहित अनेक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं अयोध्या धाम से आये नृत्य नाटिका कलाकारों ने मां आदिशक्ति, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण व हनुमान जी की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा। भजन कार्यक्रम में चेयरमैन शोहरतगढ़़ उमा अग्रवाल एवं चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल भी पहुंचे और जागरण टीम व आयोजकों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान रवि अग्रवाल ने मां दुर्गा की महिमा का उल्लेख करते हुए अपने वैष्णो देवी दर्शन का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि जब मां का बुलावा आता है, तो भक्त स्वयं उनके दरबार पहुंच जाता है। मां के आशीर्वाद से ही उन्हें चुनाव में विजय प्राप्त हुई, यह कहते हुए वे भावुक हो गये। वहीं विशाल भगवती जागरण आयोजन समिति को इस सुन्दर आयोजन के लिए चेयरमैन उमा अग्रवाल व प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने 51000/- रुपये की सहयोग राशि भेंटकर आयोजन समिति सदस्यों की उज्वल भविष्य हेतु शुभकामना प्रेषित एवं नगरवासियों के सुख शान्ति समृद्धि हेतु देवी माता से प्रार्थना किया। इस अवसर पर प्रधान राम मिलन चौधरी, सभासद अनूप कसौधन, सोनू अग्रवाल, घनश्याम कसौधन, रवि कसौधन, प्रेमशंकर कसौधन, दुर्गेश कुमार कसौधन, अमन, शुभम, अनुराग, आदर्श, दिनेश रामू, विक्की, रोहन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button