Gorakhpur Mumbai Train: : मुंबई का सफर Gorakhpur Mumbai Amrit Bharat Express से अब और आसान , अमृत भारत एक्सप्रेस का जानिए नया टाइम और पूरा रूट

गोरखपुर से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. रेलवे ने गोरखपुर-बान्द्रा टर्मिनस-गोरखपुर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन का रास्ता साफ कर दिया है। अभी विशेष गाड़ी के रूप में चल रही 05053/05054 गोरखपुर-बान्द्रा टर्मिनस सेवा अब 15085/15086 अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में नियमित चलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 15085 गोरखपुर-बान्द्रा टर्मिनस अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस 28 अगस्त 2026 से हर शुक्रवार गोरखपुर से रवाना होगी। वहीं 15086 बान्द्रा टर्मिनस-गोरखपुर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस 29 अगस्त से हर शनिवार मुंबई से गोरखपुर के लिए चलेगी।
गोरखपुर से आगरा-कोटा होते हुए मुंबई तक, बीच में यूपी के कई बड़े शहर
नई समय-सारणी के मुताबिक ट्रेन गोरखपुर से सुबह 7:50 बजे रवाना होगी। इसके बाद खलीलाबाद, बस्ती और गोंडा होते हुए ट्रेन बादशाह नगर पहुंचेगी। ट्रेन ऐशबाग से 2:05 बजे और कानपुर सेंट्रल से 3:45 बजे रवाना होगी। इसके बाद टूंडला, आगरा फोर्ट और बयाना होते हुए गंगापुर सिटी पहुंचेगी.। रात में ट्रेन कोटा, भवानी मंडी, शामगढ़ और रतलाम से गुजरेगी। अगले दिन वडोदरा, सूरत, वलसाड, वापी, पालघर और बोरीवली होते हुए बान्द्रा टर्मिनस शाम 5:45 बजे पहुंचेगी। यानी गोरखपुर से चलकर ट्रेन उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और मुंबई से जोड़ेगी।
मुंबई से रात में चलेगी, तीसरे दिन सुबह गोरखपुर पहुंचेगी
वापसी में ट्रेन 15086 बान्द्रा टर्मिनस-गोरखपुर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस शनिवार रात 9:45 बजे बान्द्रा टर्मिनस से रवाना होगी । बोरीवली, पालघर, वापी और वलसाड के बाद ट्रेन सूरत और वडोदरा पहुंचेगी। इसके बाद रतलाम, शामगढ़, भवानी मंडी, कोटा, गंगापुर सिटी और बयाना होते हुए आगरा फोर्ट पहुंचेगी। ट्रेन कानपुर सेंट्रल रात 10:45 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ऐशबाग, बादशाह नगर, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए तीसरे दिन सुबह 6:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
22 कोच की होगी अमृत भारत एक्सप्रेस
रेलवे के अनुसार इस ट्रेन में कुल 22 अमृत भारत कोच लगाए जाएंगे। इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11 कोच, शयनयान श्रेणी के आठ कोच, एक पैंट्री कार और दो एलएसएलआरडी कोच शामिल होंगे। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को एक और साप्ताहिक रेल विकल्प मिलेगा । रेलवे की इस घोषणा से गोरखपुर और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को खास फायदा मिलने की उम्मीद है, खासकर उन यात्रियों को जो कानपुर, आगरा, कोटा, रतलाम, गुजरात और मुंबई की ओर नियमित यात्रा करते हैं।
इन शहरों से होकर गुजरेगी ट्रेन
गोरखपुर → खलीलाबाद → बस्ती → गोंडा → बादशाह नगर → ऐशबाग → कानपुर सेंट्रल → टूंडला → आगरा फोर्ट → बयाना → गंगापुर सिटी → कोटा → भवानी मंडी → शामगढ़ → रतलाम → वडोदरा → सूरत → वलसाड → वापी → पालघर → बोरीवली → बान्द्रा टर्मिनस
एक नजर में
ट्रेन नंबर: 15085/15086
रूट: गोरखपुर-बान्द्रा टर्मिनस-गोरखपुर
संचालन: सप्ताह में एक दिन
गोरखपुर से: हर शुक्रवार, सुबह 7:50 बजे
बान्द्रा टर्मिनस से: हर शनिवार, रात 9:45 बजे
पहली यात्रा: 28 अगस्त 2026
पहली वापसी: 29 अगस्त 2026
कुल कोच: 22
गोरखपुर पहुंचने का समय: तीसरे दिन सुबह 6:45 बजे



