उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

आंदोलन छात्रों का है, किसी राजनीतिक दल का नहीं; पेपर लीक पर सरकार जवाब दे: अजय राय

प्रयागराजः उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को कहा कि नीट पेपर लीक के खिलाफ चल रहा आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि उन छात्रों का है जिनका भविष्य प्रभावित हुआ है। प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री राय ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में अब तक 152 पेपर लीक हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बार-बार भावुक अपील कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार छात्रों की आवाज उठा रहे हैं और उनके साथ किए गए व्यवहार से पूरे देश में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें अथवा प्रधानमंत्री उन्हें पद से हटाएं।

उन्होंने कहा कि इससे कम पर अब छात्र सहमत नहीं होंगे। पंजाब में कथित पेपर लीक की घटना पर श्री राय ने कहा कि जहां भी पेपर लीक की घटनाएं हों, वहां दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भारतीय जनता पार्टी से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उसे भाजपा की “दलाल पार्टी” बताया।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार कांवड़ यात्रा की बेहतर व्यवस्था करे, इससे किसी को कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग भी भगवान शिव और बाबा विश्वनाथ के भक्त हैं तथा सरकार को श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करानी चाहिए।

नेम प्लेट विवाद पर उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अनावश्यक विवाद खड़ा कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कांवड़ यात्राएं होती रही हैं, लेकिन ऐसा कोई विवाद कभी सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि देश सभी धर्मों के लोगों का है और सभी को मिल-जुलकर रहने का अधिकार है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की सरकारों पर कांवड़ यात्रा पर पाबंदी लगाने का आरोप लगाया था, श्री राय ने पलटवार करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस नेता राम मंदिर दर्शन के लिए गए तो उन्हें अनुमति नहीं दी गई।

उन्होंने कहा कि भाजपा वास्तविक नहीं, बल्कि दिखावटी धार्मिकता की राजनीति करती है। लोकसभा में पेपर लीक पर चर्चा से विपक्ष के भागने के आरोपों पर श्री राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चर्चा कराए, विपक्ष उससे नहीं भाग रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी जनता से झूठे वादे करते रहे हैं और नोटबंदी तथा जीएसटी जैसे मुद्दों पर किए गए दावों के अनुरूप परिणाम नहीं मिले हैं।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button