उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

राहुल गांधी का रायबरेली दौरा : सरकार पर बोला तीखा हमला, कहा- महंगाई से आम आदमी बेहाल

रायबरेली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को रायबरेली पहुंचकर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल समेत रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता पर भारी बोझ पड़ रहा है।

बछरावां विधानसभा क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव में सांसद निधि से बने बारातघर का उद्घाटन करने पहुंचे राहुल गांधी ने ग्रामीणों से बातचीत में कहा, “देश का आम आदमी आर्थिक दबाव झेल रहा है, लेकिन सरकार उसकी परेशानियों को गंभीरता से नहीं ले रही है।” उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में आर्थिक स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है, जिसका सबसे ज्यादा असर किसानों, युवाओं, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा।

राहुल गांधी ने कहा कि रायबरेली की जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने छोटे व्यापारियों और मेहनतकश लोगों की बदतर होती स्थिति पर चिंता व्यक्त की और सरकार से राहत देने वाले फैसले लेने की मांग की। इससे पहले राहुल गांधी ने चुरुवा मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए। बड़े मंगल के मौके पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिनसे राहुल ने मुलाकात कर अभिवादन किया।

लखनऊ एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

मंगलवार सुबह लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे राहुल गांधी का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट से वह सड़क मार्ग से रायबरेली रवाना हुए। राहुल गांधी अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान जनसंवाद, महिला संवाद और संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह दौरा आगामी चुनावी रणनीति और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के नजरिए से काफी महत्वपूर्ण है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button