58 साल में सिर्फ 2 सीरीज जीत, न्यूजीलैंड में कैसा है टीम इंडिया का टेस्ट रिकॉर्ड

टी20 और वनडे सीरीज खत्म होने के बाद अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब दो मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत होने वाली ही। दोनों टीमों के बीच यह दो मैचों की टेस्ट सीरीज गुरुवार (19 नवंबर) से खेली जाएगी। सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन के मशहूर बेसिन रिजर्व मैदान पर होगा। न्यूजीलैंड की टीम अपने घर पर टेस्ट फॉर्मेट में भारत के खिलाफ अपने हालिया दबदबे को आगे बढ़ाने और जीत हासिल करने पूरी कोशिश करेगी। इस न्यूजीलैंड दौरे पर अभी तक टीम इंडिया वनडे और टी20 सीरीज जीतने में कामयाब रही है।
न्यूजीलैंड WTC पॉइंट्स टेबल में है टॉप पर
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में नंबर एक पर काबिज न्यूजीलैंड की टीम घरेलू मैदान पर अपने इस दबदबे को बनाए रखना चाहेगी। टॉम लैथम की कप्तानी में खेल रही कीवी टीम ने भारत के खिलाफ घर और बाहर दोनों जगहों पर अपने पिछले तीनों टेस्ट मैच जीते हैं। ऐसे में वे भारत के खिलाफ अपनी इस जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने के इरादे के साथ मैदान पर उतरेंगे। न्यूजीलैंड ने इस घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए फुल स्ट्रेंथ टीम का ऐलान किया है, जबकि इसके मुकाबले भारत के स्क्वॉड में चुने गए 16 खिलाड़ियों में से सिर्फ 3 ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके पास न्यूजीलैंड में टेस्ट मैच खेलने का अनुभव है।
न्यूजीलैंड में सिर्फ दो टेस्ट सीरीज जीत पाई है टीम इंडिया
भारतीय टीम ने साल 1968 की शुरुआत में पहली बार न्यूजीलैंड का दौरा किया था। तब से लेकर अब तक भारत ने वहां कुल 10 टेस्ट सीरीज खेली हैं, जिनमें से टीम ने सिर्फ दो बार सीरीज अपने नाम की है। नवाब मंसूर अली खान पटौदी की कप्तानी में भारत ने अपने पहले ही न्यूजीलैंड दौरे पर चार मैचों की टेस्ट सीरीज 3-1 से जीतकर इतिहास रच दिया था। इसके बाद अगली सीरीज जीतने के लिए भारत को पूरे 41 साल लंबा इंतजार करना पड़ा, जो साल 2009 में एम.एस. धोनी की कप्तानी में संभव हुआ। इन दोनों दौरों के बीच के समय में कुछ टेस्ट सीरीज ड्रॉ पर खत्म हुईं, जबकि छह मैच में कीवी टीम ने जीत दर्ज की।
सिर्फ पांच मैच जीत पाई है टीम इंडिया
भारतीय टीम ने पिछले 68 सालों में न्यूजीलैंड की धरती पर कुल 25 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से उन्हें सिर्फ 5 मैचों में ही जीत मिली है। इनमें से 3 मैच तो भारत ने साल 1968 के अपने पहले ही दौरे पर जीत लिए थे। वहीं, इस सदी की शुरुआत से लेकर अब तक भारत ने न्यूजीलैंड में कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें सिर्फ 1 जीत नसीब हुई है, जबकि 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है और 3 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। इसके अलावा न्यूजीलैंड के अपने पिछले टेस्ट दौरे पर तो भारतीय टीम को शर्मनाक तरीके से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था।



