
रामायण में जिन दो पवित्र धामों का खास महत्व है, अब उनके बीच रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होने जा रही है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम अब नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा से जुड़ेंगे। भारतीय रेलवे ने नेपाल के जनकपुर धाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट के बीच नई ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है। करीब 604 किलोमीटर लंबे इस रेल रूट से भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि इस ट्रेन के शुरू होने से रामायण सर्किट पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
नई ट्रेन जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। रास्ते में बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों और कस्बों से होकर गुजरेगी। इससे न केवल धार्मिक यात्रियों को फायदा होगा, बल्कि दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संपर्क भी मजबूत होंगे। इस ट्रेन के प्रमुख ठहराव जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होंगे। इसके अलावा ट्रेन अपने शुरुआती और अंतिम स्टेशनों पर भी रुकेगी।
शनिवार और सोमवार को चलेगी ट्रेन
रेलवे की मंजूरी के मुताबिक, यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन दोनों दिशाओं में संचालित होगी। जनकपुर धाम से ट्रेन शनिवार को रवाना होगी, जबकि अयोध्या कैंट से इसकी वापसी यात्रा सोमवार को होगी। इससे नेपाल से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और भारत से जनकपुर धाम जाने वाले यात्रियों को यात्रा का एक नया विकल्प मिलेगा।
रामायण सर्किट पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस ट्रेन सेवा का सबसे बड़ा फायदा धार्मिक पर्यटन को मिलने की उम्मीद है। जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि माना जाता है। ऐसे में दोनों स्थानों के बीच सीधी रेल सुविधा से रामायण से जुड़े धार्मिक स्थलों की यात्रा आसान होगी। इसके अलावा रास्ते में पड़ने वाले शहरों के होटल, स्थानीय दुकानदारों, पर्यटन कारोबारियों और पारंपरिक कारीगरों को भी फायदा मिल सकता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में भी यह सेवा अहम कदम साबित हो सकती है।



