लॉर्ड्स में अगले साल खेला जाएगा खास T20I मुकाबला, नेपाल की टीम बांग्लादेश से लेगी लोहा

क्रिकेट के ऐतिहासिक मैदान लॉर्ड्स पर अगले साल नेपाल की टीम एक नया अध्याय लिखने उतरेगी। नेपाल और बांग्लादेश के बीच 3 जून 2027 को यहां एक खास T20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा। नेपाल के लिए यह मैच इसलिए भी यादगार होगा, क्योंकि वह पहली बार लॉर्ड्स के मैदान पर किसी ICC फुल मेंबर नेशन के खिलाफ मुकाबला खेलेगा।
बांग्लादेश और नेपाल के बीच होने वाला यह एकमात्र T20 मुकाबला नेपाल के इंग्लैंड दौरे का हिस्सा होगा। इस दौरे पर नेपाल को स्कॉटलैंड और आयरलैंड के खिलाफ भी ODI और T20I मैच खेलने हैं। नेपाल अपने दौरे की शुरुआत 1 जून को वॉर्म्सली में स्कॉटलैंड के खिलाफ ODI मैच से करेगा। इसके बाद 3 जून को लॉर्ड्स में बांग्लादेश से भिड़ेगा। फिर 6 जून को वॉर्म्सली में आयरलैंड के खिलाफ ODI मुकाबला खेलेगा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन T20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे। ये मुकाबले 9, 11 और 12 जून को वॉर्म्सली और बेकनहैम में आयोजित होंगे।
17 साल बाद लॉर्ड्स में टेस्ट खेलेगा बांग्लादेश
बांग्लादेश की टीम भी अगले साल इंग्लैंड दौरे पर रहेगी। टीम 28 मई से लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी। खास बात यह है कि बांग्लादेश की टीम 17 साल बाद इस ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट मुकाबला खेलने उतरेगी। नेपाल और बांग्लादेश के बीच अब तक दो T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। दोनों मैच T20 वर्ल्ड कप के दौरान 2014 और 2024 में हुए थे। इन दोनों ही मुकाबलों में बांग्लादेश ने जीत दर्ज की थी।
नेपाल क्रिकेट बोर्ड ने जताई खुशी
नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAN) के प्रेसीडेंट चतुर बहादुर चंद ने इस मुकाबले को देश के क्रिकेट के लिए खास उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि हम बांग्लादेश के खिलाफ इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए लॉर्ड्स के मैदान पर लौटने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह लॉर्ड्स में किसी ICC फुल मेंबर नेशन के खिलाफ नेपाल का पहला मुकाबला होगा। उन्होंने इस आयोजन में सहयोग के लिए MCC, ECB, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और क्रिकेट आयरलैंड का आभार भी जताया। वहीं, एमसीसी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर रॉब लॉसन ने कहा कि पिछले कुछ सालों में नेपाल क्रिकेट बोर्ड के साथ उनके संबंध काफी मजबूत हुए हैं। उन्होंने नेपाल में क्रिकेट के प्रति लोगों के जुनून की भी तारीफ की।



