बड़ी खबरविदेश

खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिका में 20 साल की सजा, कोर्ट में हुए भावुक

न्यूयॉर्कः अमेरिकी धरती पर एक सिख चरमपंथी की हत्या की साजिश में शामिल होने के मामले में दोषी ठहराते हुए एक अमेरिकी अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 235 महीने (लगभग 20 साल) की जेल की सजा सुनाई। 55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में अपना अपराध कबूल कर लिया था। उन पर हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश रचने के आरोप थे। यह मामला न्यूयॉर्क में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कोशिश से जुड़ा है।

सदर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ न्यूयॉर्क के जज विक्टर मारेरो ने लगभग 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद निखिल गुप्ता को 235 महीने की जेल की सजा सुनाई। जज ने गुप्ता के लिए जेल की सजा के बाद किसी तरह की ‘सुपरवाइज्ड रिलीज’ (निगरानी में रिहाई) का आदेश नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जेल की सजा पूरी होने के बाद निखिल गुप्ता को देश से बाहर निकालने (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

कोर्ट में भावुक हुए निखिल गुप्ता

मामले की सुनवाई के दौरान जेल की भूरे रंग की पोशाक पहने निखिल गुप्ता को मार्शल अदालत कक्ष में लेकर आए। अंदर आते ही उन्होंने पूरे कमरे पर नज़र डाली और अपने वकीलों के बीच जाकर बैठ गए। गुप्ता ने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग की शिक्षाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वह इन नेताओं के आदर्शों पर चलने की उम्मीद रखते थे। अदालत में अंग्रेजी में दिए गए अपने 6 मिनट के संक्षिप्त बयान में निखिल गुप्ता ने अपने किए के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि मैं पन्नू, पूरे समुदाय और बिरादरी से माफी मांगता हूं।

इस दौरान उन्होंने पन्नू की ओर देखा, जो अदालत कक्ष में बैठे थे और उनके साथ सुनवाई के लिए सिख समुदाय के कई लोग भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि उनके परिवार – पत्नी, मां और बच्चों को बहुत तकलीफ उठानी पड़ी है और उन्हें उस काम के लिए सजा मिल रही है, जो उन्होंने किया ही नहीं था। अदालत में बोलते समय निखिल गुप्ता भावुक हो गए और उनकी आवाज भर आई। उन्होंने कहा कि अदालत जो भी सजा देगी, वह उसे स्वीकार करेंगे और अपनी सजा पूरी करने के बाद एक “बेहतर” इंसान बनकर बाहर आएंगे।

पन्नू ने कोर्ट में 20 मिनट तक अपनी बात रखी

पन्नू ने अपना बयान देते हुए दावा किया कि अपनी जान को खतरा होने का पता चलने के बाद से, पिछले 1200 से अधिक दिनों से वह अपनी नियमित कानूनी प्रैक्टिस नहीं कर पाए हैं। पन्नू  ने लगभग 20 मिनट तक बात की। उनके लंबे बयान के दौरान, एक मौके पर जज ने उनसे कहा कि वे अपनी बात को “संक्षेप में” बताएं और अपना बयान खत्म करें, ताकि अदालत आगे की कार्यवाही शुरू कर सके।

इनपुट- पीटीआई

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button