
लखनऊ: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लखनऊ दौरे के दौरान आयोजित कार्यक्रम और संविधान बचाओ मार्च में पार्टी के कुछ प्रवक्ता और पैनलिस्ट ही गायब रहे। अब इसे लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस सख्त नजर आ रही है। कार्यक्रम में शामिल नहीं होने वाले प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों से जवाब मांगा गया है। पार्टी की ओर से जारी जरूरी सूचना में अनुपस्थित रहे सभी साथियों को अपनी गैरमौजूदगी का स्पष्ट कारण बताते हुए तत्काल लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। संगठन ने कहा है कि पार्टी के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में मौजूद रहना और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेह होना अनिवार्य है।
अनुपस्थित रहने वालों से तत्काल मांगा गया स्पष्टीकरण
यूपी कांग्रेस की ओर से जारी सूचना में सभी प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों को संबोधित किया गया है। इसमें कहा गया है कि 26 नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आगमन पर महत्वपूर्ण कार्यक्रम और संविधान बचाओ मार्च आयोजित किया गया था। इन कार्यक्रमों में कई प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों की अनुपस्थिति को पार्टी ने गंभीर मामला बताया है। सूचना में साफ कहा गया है कि जो साथी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए, वे अपनी अनुपस्थिति की वजह बताते हुए लिखित जवाब तत्काल जमा करें। पार्टी ने इस निर्देश को गंभीरता से लेने को कहा है।
खरगे ने साधा था बीजेपी और आरएसएस पर निशाना
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को लखनऊ में संविधान रक्षा सम्मेलन यात्रा को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी कि RSS और भारतीय जनता पार्टी पर संविधान का विरोध करने और पिछले 12 वर्षों से इसे कमजोर करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि देश में इस समय दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है। एक विचारधारा संविधान के साथ खड़ी है, जिसका प्रतिनिधित्व कांग्रेस करती है। वहीं दूसरी विचारधारा हमेशा संविधान के विरोध में रही है, जिसका प्रतिनिधित्व बीजेपी और RSS करते हैं।
‘हम मोहब्बत की दुकान चलाते हैं, वे नफरत की’
खरगे ने कार्यक्रम में राहुल गांधी के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा ‘मोहब्बत की दुकान’ चलाती है, जबकि आरएसएस और बीजेपी ‘नफरत की दुकान’ चलाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इसी तरह नफरत फैलाई जाती रही तो देश, युवा और गरीब बर्बाद हो जाएंगे। खरगे ने कहा कि कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और देश को बचाने के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।



