देशबड़ी खबर

यूपी में 28 IPS अधिकारियों के तबादले, नोएडा और वाराणसी के पुलिस कमिश्नर भी बदले; देखें पूरी लिस्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस बदलाव में नोएडा और वाराणसी के पुलिस कमिश्नर भी बदल दिए गए हैं। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि गौतमबुद्धनगर (नोएडा) की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ अब नोएडा के नए पुलिस कमिश्नर होंगे। कई अन्य जिलों और पुलिस इकाइयों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रयागराज और वाराणसी के पुलिस कमिश्नर बदले

वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को पुलिस मुख्यालय लखनऊ में एडीजी स्थापना की जिम्मेदारी दी गई है। लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। इस बदलाव के साथ वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की कमान अब उनके हाथ में होगी।

यहां देखें पूरी लिस्ट

नोएडा और गाजियाबाद में भी बड़ा फेरबदल

गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर भेजा गया है। इसके अलावा, एडीजी बरेली जोन रहमत शर्मा को एडीजी लखनऊ जोन बनाया गया है। लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन की जिम्मेदारी दी गई है।

कई परिक्षेत्रों के डीआईजी भी बदले

अलीगढ़ के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र भेजा गया है। सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, आगरा के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ भेजा गया है। तकनीकी सेवाओं में तैनात डीआईजी आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है।

अयोध्या और मुरादाबाद के SSP भी बदले

अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है। वहीं, मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है। गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुमनित को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है।

इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी

तबादला सूची के तहत आकाश तोमर को पुलिस अकादमी मुरादाबाद का एसपी बनाया गया है। अमित कुमार को आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) का एसपी और नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर का एसपी बनाया गया है। डॉ. अनिल कुमार पांडेय को कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, त्रिभुवन सिंह को जीआरपी मुख्यालय और राजेश कुमार श्रीवास्तव को अभिसूचना मुख्यालय में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है।

पुलिस इकाइयों और कमिश्नरेट में भी बदलाव

सुशील कुमार शुक्ला को पीटीएस गोरखपुर और अजीत कुमार सिन्हा को यूपी पावर कॉरपोरेशन में तैनाती दी गई है। दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी बनाया गया है। वहीं, कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर का डीसीपी और प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक बनाया गया है।

तीन अधिकारियों के पुराने तबादले निरस्त

तबादला सूची में तीन अधिकारियों के पहले जारी किए गए स्थानांतरण आदेश भी निरस्त किए गए हैं। इनमें पुनीत द्विवेदी, नीतू और अमित कुमावत शामिल हैं। नए आदेश के मुताबिक, पुनीत द्विवेदी को गाजियाबाद का अपर पुलिस उपायुक्त, नीतू को लखनऊ का अपर पुलिस उपायुक्त और अमित कुमावत को आगरा का अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। बता दें कि कुछ दिन पहले भी यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल करते हुए 144 अधिकारियों का तबादला किया गया था।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button