
श्रीनगर: जम्मू कश्मीर से इस वक्त की बड़ी खबर है। कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों की मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है। जम्मू कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों की मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आतंकी मारा गया और दूसरा आतंकी घिर गया। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
हाल ही में कुलगाम में हुआ था सीआरपीएफ की टीम पर हमला
हाल ही में कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हमला हुआ था। इस हमले में 3 जवान घायल हुए थे। उसके बाद से इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था और आतंकियों की तलाश की जा रही थी।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में एक व्यक्ति को फेसबुक पर कुलगाम में CRPF पर हुए हालिया हमले के बारे में गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, उन्हें पता चला कि ‘बांदीपोरा वाला’ (Bandipora Wala) नाम का एक फेसबुक पेज, जिसे मोमिन उल इस्लाम चलाता है। इस फेसबुक पर एक झूठी खबर डाली गई थी। इसमें दावा किया गया था कि 11 नवंबर को हुए हमले में CRPF के तीन जवान मारे गए हैं।
बारामूला में मिले तीन जिंदा ग्रेनेड, नष्ट किया गया
हाल ही में ये खबर मिली थी कि बारामूला में तीन जिंदा ग्रेनेड मिले। इससे ये साफ होता है कि घाटी में आतंकी साजिश करने वाले लोग फिर से सिर उठा रहे हैं। गनीमत ये रही कि समय रहते इन्हें नष्ट कर दिया गया। रविवार को अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के दुर्हामा इलाके में एक बाग से पानी की पाइपलाइन बदलने के काम के दौरान, जंग लगे तीन जिंदा हैंड ग्रेनेड मिले।
बता दें कि कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ लगातार ऑपरेशन चलाए गए, जिससे वहां आतंकियों द्वारा की जाने वाली घटनाएं कम होने लगीं। इसके बावजूद आतंकी अभी पूरी तरह साफ नहीं हुए हैं और वह समय-समय पर घाटी में तनाव पैदा करने की कोशिश करते रहते हैं। हालांकि सुरक्षाबल मुस्तैद हैं और आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। (इनपुट- PTI)



