देशबड़ी खबर

मोदी कैबिनेट के 3 बड़े फैसले: असम में 2,014 करोड़ का एयरपोर्ट, 11 हजार करोड़ की मैन्युफैक्चरिंग योजना को मंजूरी

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में विकास और बुनियादी ढांचे को रफ्तार देने वाले तीन बड़े फैसले लिए गए। सरकार ने असम के सिलचर में 2,014 करोड़ रुपये की लागत से नया हवाई अड्डा बनाने, निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना और डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण के लिए 1,141 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। इन फैसलों से हवाई संपर्क, औद्योगिक उत्पादन, रोजगार और ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

असम के सिलचर में बनेगा नया एयरपोर्ट

पूर्वोत्तर भारत में हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने असम के सिलचर स्थित डोलू में 2,014 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नया हवाई अड्डा बनाने की मंजूरी दी है। नया एयरपोर्ट मौजूदा सिलचर हवाई अड्डे पर जगह की कमी और परिचालन संबंधी समस्याओं को दूर करेगा। फिलहाल मौजूदा हवाई अड्डा भारतीय वायुसेना और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के स्वामित्व में है। यहां करीब 70 एकड़ क्षेत्र से नागरिक विमान सेवाओं का संचालन होता है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि नए हवाई अड्डे की व्यस्त समय में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसकी सालाना यात्री क्षमता 10.1 लाख होगी। परियोजना का पूरा खर्च भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण अपने आंतरिक संसाधनों से उठाएगा।

एयरपोर्ट में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

12,351 वर्ग मीटर क्षेत्र में टर्मिनल भवन का निर्माण होगा।

2,705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जाएगा।

रनवे ए-320 विमानों के संचालन के अनुकूल होगा।

छह ए-320 विमानों को एक साथ खड़ा करने की सुविधा होगी।

भविष्य में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर टर्मिनल का विस्तार किया जा सकेगा।

इस एयरपोर्ट से बराक घाटी और आसपास के पूर्वोत्तर क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा। साथ ही चाय 
उद्योग, व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन के लिए 11 हजार करोड़ की योजना

केंद्र सरकार ने निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी है। इस योजना का मकसद भारत को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना और वैश्विक बाजार में भारतीय कंपनियों की हिस्सेदारी बढ़ाना है। इस योजना के तहत जहाजों पर माल चढ़ाने-उतारने वाली क्रेन, सुरंग खोदने वाली मशीनें, हाइड्रोलिक उत्खनन मशीनें और सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाले भारी वाहनों के उत्पादन को प्रोत्साहन दिया जाएगा। अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, योजना को भारी उद्योग मंत्रालय लागू करेगा। इसके तहत उपकरण बनाने वाली कंपनियों और कलपुर्जे निर्माताओं को अतिरिक्त बिक्री के आधार पर पांच साल तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

आठ साल तक चलेगी योजना

यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से शुरू होकर 2033-34 तक लागू रहेगी। इसके दो प्रमुख घटक होंगे।

पहला घटक: पात्र कंपनियों को अतिरिक्त बिक्री के आधार पर पांच साल तक 13 से 8 प्रतिशत तक प्रोत्साहन मिलेगा।

दूसरा घटक: विशेष परीक्षण केंद्र स्थापित करने के लिए 375 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

सरकार के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत के निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण उद्योग का बाजार करीब 97,500 करोड़ रुपये था। अनुमान है कि वित्त वर्ष 2029-30 तक इसका आकार बढ़कर लगभग 2,28,100 करोड़ रुपये हो जाएगा। इस योजना से घरेलू विनिर्माण क्षमता बढ़ने, रोजगार के नए अवसर पैदा होने और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण के लिए 1,141 करोड़ मंजूर

आम लोगों, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए भी केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अहम फैसला लिया है। सरकार ने डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए ‘डाक परिचालन योजना’ को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी है। इस पर 1,141 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश में करीब 1.65 लाख डाकघरों का नेटवर्क है। इनमें 1,49,655 डाकघर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। डाक विभाग अब केवल चिट्ठियों और पार्सल तक सीमित नहीं है, बल्कि बैंकिंग, बीमा, आधार अपडेट और पासपोर्ट जैसी नागरिक सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है।

छह उप-योजनाओं पर होगा पैसा खर्च

डाक परिचालन योजना के तहत छह प्रमुख क्षेत्रों के लिए बजट निर्धारित किया गया है। इस योजना के तहत पार्सल हब और पैकेजिंग इकाइयों का विस्तार किया जाएगा। ई-कॉमर्स से बढ़ती पार्सल मांग को देखते हुए लॉजिस्टिक्स व्यवस्था मजबूत होगी। इसके अलावा डिजिटल तकनीक, अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं और ग्राहकों को मिलने वाली सुविधाओं में भी सुधार किया जाएगा।

3 फैसलों से विकास को मिलेगी नई रफ्तार

केंद्र सरकार के इन तीन फैसलों का असर परिवहन, विनिर्माण और डाक सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। सिलचर में नया एयरपोर्ट बनने से पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, 11 हजार करोड़ की योजना से घरेलू उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और डाक परिचालन योजना से ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button