बाढ़ के बीच ग्राउंड पर उतरे सीएम योगी, जमीनी हालात का लिया जायजा; लोगों को मदद का भरोसा

लखनऊ। राजधानी के बाढ़ प्रभावित इलाकों में हालात का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बख्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों का निरीक्षण किया और प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।
प्रभावित लोगों से मिले सीएम योगी
बीकेटी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी परेशानियों की जानकारी ली।
उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ है और प्रभावित परिवारों तक जरूरी मदद पहुंचाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राहत कार्यों की जानकारी भी ली और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
SDRF जवानों से भी की बातचीत
बाढ़ के बीच राहत और बचाव अभियान में जुटे एसडीआरएफ जवानों से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की। उन्होंने मौके पर चल रहे बचाव अभियान और टीम की तैयारियों की जानकारी ली। सीएम ने राहत एवं बचाव कार्यों में लगे कर्मचारियों और अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके।
राहत सामग्री भी बांटेंगे
मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण भी करेंगे। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के मुताबिक भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य जरूरी सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि राहत-बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासन को प्रभावित लोगों की जरूरतों के मुताबिक तत्काल कार्रवाई करने और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।



