
मनीला। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को मजबूत करने के लिए क्वाड देशों ने सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत के लिए, क्वाड एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति शृंखला, नयी प्रौद्योगिकी और आपदा प्रतिक्रिया जैसे मुद्दों पर विश्वसनीय समाधान देने का प्रयास करती है।
पीएम मोदी ने मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन से इतर आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन में यह बात कही। बैठक में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अलबनीज और जापान की प्रधानमंत्री सानाए तकाइची भी शामिल हुईं। सभी नेताओं ने क्वाड के सहयोग और भविष्य की प्राथमिकताओं पर अपने विचार रखे।
क्वाड शिखर सम्मेलन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अलबनीज और जापान की प्रधानमंत्री सानाए तकाइची ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये।
विदेश मंत्रियों की पांच बैठकें
पीएम मोदी ने कहा, ” पिछले साल जनवरी से अबतक क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बार मुलाकात हो चुकी है। यह हमारी राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझेदारी के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता का प्रमाण है।” उन्होंने कहा,”भारत के लिए, क्वाड एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है।
सहयोग के अगले चरण के लिए तय होंगे ठोस लक्ष्य
समुद्री सुरक्षा से लेकर भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखला तक, और नयी प्रौद्योगिकी से लेकर आपदा के समय मदद तक, हमारी यही कोशिश रही है कि क्वाड पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वसनीय समाधान उपलब्ध कराए।” उन्होंने कहा, ”मुझे पूरा भरोसा है कि आज की हमारी बैठक हमें हमारे सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय करने में मदद करेगी।”
चार देशों का रणनीतिक समूह है QUAD
भारत ने पिछले साल क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने की योजना बनाई थी, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से हिस्सेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने की वजह से यह सम्मेलन नहीं हो सका। क्वाड भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का एक रणनीतिक समूह है, जो समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचे और क्षेत्रीय स्थिरता के क्षेत्र में सहयोग के माध्यम से एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता है।



