देशबड़ी खबर

‘रेस्तरां-होटल बंद, 1 करोड़ लोगों की बेरोजगारी का खतरा’, LPG की कमी पर केजरीवाल ने सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश में LPG सिलिंडर की भारी किल्लत को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यह संकट रेस्तरां, होटल और उद्योगों को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है तथा शादी के सीजन में हजारों शादियां टल सकती हैं। केजरीवाल ने कहा, ‘इस वक्त देश बहुत गंभीर संकट से गुजर रहा है। पूरे देश में LPG गैस की भारी किल्लत हो गई है। हमारे देश में जितनी LPG की खपत है, उसका 60 प्रतिशत इंपोर्ट होता है और उस 60 प्रतिशत का 90 प्रतिशत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से आता है। अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भारत के लिए बंद हो गया है, इसलिए लगभग 50-55 प्रतिशत LPG की सप्लाई कम हो गई है।’

‘सरकार ने रेस्तरां-होटलों को LPG सप्लाई बंद की’

केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने रेस्तरां और होटलों को LPG सप्लाई बंद कर दी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से इन जगहों पर स्टॉक रखने की इजाजत नहीं है, इसलिए रोजाना की जरूरत के हिसाब से ही सप्लाई होती थी, अब एकदम से सप्लाई बंद होने से उनके पास एक-दो दिन का भी स्टॉक नहीं बचा है। केजरीवाल ने आंकड़े देते हुए कहा, ‘मुंबई में 20 प्रतिशत होटल और रेस्तरां पहले ही बंद हो चुके हैं और अगले 2 दिनों में 50 प्रतिशत बंद होने जा रहे हैं। तमिलनाडु में लगभग 10 हजार होटल और रेस्तरां बंद होने की कगार पर हैं। पंजाब, दिल्ली-NCR में भी हजारों होटल-रेस्तरां आने वाले दिनों में बंद हो सकते हैं।’

‘लोगों को अपनी शादियां पोस्टपोन करनी पड़ेंगी’

केजरीवाल ने चिंता जताते हुए कहा, ‘अगर यह स्थिति जारी रही तो बहुत सारे लोगों को अपनी शादियां पोस्टपोन करनी पड़ेंगी।’ उन्होंने बैंगलोर, हैदराबाद, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, हरियाणा और बिहार से भी इसी तरह की खबरें आने की बात कही। गुजरात के मोरबी में टाइल इंडस्ट्री की राजधानी माने जाने वाले इलाके का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने बताया, ‘वहां 600 से ज्यादा इंडस्ट्रीज हैं, जिनमें से 170 बंद हो चुकी हैं और 1 लाख लोग बेरोजगार हो गए हैं। पूरे देश में इससे 1 करोड़ से ज्यादा लोगों के बेरोजगार हो जाने का खतरा है।’

‘अब बाजार में कालाबाजारी भी जमकर हो रही है’

हाल ही में घरेलू और कमर्शियल LPG के दाम बढ़ाए जाने का भी जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि अब बाजार में कालाबाजारी भी जमकर हो रही है। उन्होंने कहा, ‘यह हो रहा है क्योंकि इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का कब्जा है और ईरान ने कहा है कि केवल उसके दोस्त देशों जैसे रूस और चीन की शिप्स को ही पास किया जाएगा।’ केजरीवाल ने केंद्र से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, वरना देशव्यापी आर्थिक और सामाजिक संकट गहरा सकता है। AAP सुप्रीमो का यह बयान ऐसे समय आया है जब पेट्रोलियम मंत्रालय ने घरेलू उपयोग को प्राथमिकता देते हुए कमर्शियल सप्लाई पर नियंत्रण बढ़ा दिया है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button