अन्य

लखनऊ ATS की बड़ी कार्रवाई: बाराबंकी के दानियाल और कुशीनगर के कृष्णा मिश्रा गिरफ्तार

आर के भट्ट

ब्यूरो, कुशीनगर ।

उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने प्रदेश में बड़ी आतंकरोधी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बाराबंकी निवासी दानियाल और कुशीनगर जनपद के जिला मुख्यालय रविंद्र नगर निकट नवनिर्मित नवीन मंडी सोहरौना निवासी कृष्णा मिश्रा पुत्र छोटेलाल मिश्र शामिल हैं। ATS की इस कार्रवाई को प्रदेश की सुरक्षा के लिहाज से बड़ी सफलता माना जा रहा है।

 

प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों के तार पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। ATS को जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट से कई अहम डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। इनमें वीडियो कॉल रिकॉर्ड, वॉइस नोट, ग्रुप चैट और संदिग्ध ऑनलाइन बातचीत शामिल हैं, जिनके आधार पर एजेंसियों को इनके नेटवर्क पर गंभीर संदेह हुआ।

 

जांच एजेंसियों के अनुसार दोनों आरोपियों पर संवेदनशील स्थलों की रेकी कर सूचनाएं साझा करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पुलिस स्टेशनों, सुरक्षा प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी जुटाकर आगे भेजी थी। ATS को ऐसे इनपुट भी मिले हैं कि ये लोग प्रदेश में स्लीपर सेल खड़ा करने की साजिश में सक्रिय थे और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ने की कोशिश कर रहे थे।

 

सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपने आकाओं से पैसे और हथियार की मांग कर रहे थे। जांच में यह बात भी सामने आई है कि एक आरोपी को वर्दीधारी पर हमला करने का टास्क दिया गया था। इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं।

 

ATS फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। इनके मोबाइल, चैट हिस्ट्री और डिजिटल नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। साथ ही इनके अन्य साथियों और संभावित संपर्कों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी जारी है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button