अन्य
राष्ट्रीय राजमार्ग पर झुका बृक्ष से बना हुआ है कई परिवारों पर खतरा : वरिष्ठ अधिवक्ता नागेन्द्र श्रीवास्तव उर्फ गुड्डू भैय्या।
आबादी में स्थित मकान पर झुका विशाल पाकड़ का वृक्ष, हादसे की आशंका, कार्रवाई की मांग। नगर पंचायत शोहरतगढ़ के सीएचसी के बगल स्थित मकान के ऊपर झुके पुराने पाकड़ के वृक्ष से संभावित हादसे की आशंका जताते हुए अधिवक्ता डॉ0 नागेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक, उत्तर प्रदेश से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जून से लगातार वन विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क करने और आवश्यक आवेदन व नोटरी देने के बावजूद वृक्ष को कटाने की कार्रवाई नहीं हुई। प्रधान मुख्य वन संरक्षक को भेजे पत्र में अधिवक्ता ने बताया कि सरकारी अस्पताल के के बगल उनके मित्र गुल्ली का मकान है। मकान के ऊपर पुराना और विशाल पाकड़ का वृक्ष आधा झुका हुआ है, जिससे परिवार के लोगों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। उनके अनुसार घर में बच्चों, बुजुर्गों समेत काफी लोग रहते हैं। उन्होंने पत्र में बताया कि वन विभाग के अधिकारियों से कई बार सम्पर्क किया गया। अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया तथा पेड़ कटान की प्रक्रिया के लिए आवेदन और नोटरी भी उपलब्ध कराई गई। एक अधिकारी द्वारा वृक्ष को वन निगम को सौंपे जाने की जानकारी दिये जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया है।अधिवक्ता ने विभागीय स्तर पर कार्रवाई में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि वृक्ष किसी एकान्त स्थान पर नहीं है, बल्कि आबादी के बीच परिवार के मकान के ऊपर झुका हुआ है। उन्होंने प्रधान मुख्य वन संरक्षक से अधीनस्थ अधिकारियों को जनसुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बरतने के निर्देश देने और वृक्ष को तत्काल कटाने के सम्बन्ध में आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है। उन्होंने पत्र की प्रति पंजीकृत डाक के साथ ईमेल से भी भेजे जाने की बात कही है।





