*50 लाख रुपये की लागत से बनेगा आधुनिक छठ घाट, भूमि पूजन संपन्न*

नेबुआ नौरंगिया, कुशीनगर।
नगर पंचायत छितौनी के बुलहवापुरी वार्ड स्थित मां बोधी स्थान मंदिर परिसर में प्रस्तावित छठ घाट निर्माण के लिए बुधवार को भूमि पूजन किया गया। यह परियोजना नगरी झील, तालाब एवं पोखरा संरक्षण योजना के अंतर्गत प्रस्तावित है। नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक निषाद ने सभासदों, मंदिर के महंत एवं स्थानीय श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न कराया।
इस अवसर पर अध्यक्ष अशोक निषाद ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के श्रद्धालुओं को वर्षों से छठ महापर्व के दौरान सीमावर्ती बिहार के श्रीपत नगर स्थित घाटों पर जाना पड़ता था, जिससे उन्हें सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जनभावनाओं को देखते हुए पिछले वर्ष नगर पंचायत द्वारा एक अस्थायी छठ घाट का निर्माण कराया गया था, जिससे लोगों को काफी सुविधा मिली।उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादे के अनुरूप अब मां बोधी स्थान मंदिर परिसर में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से स्थायी एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा। घाट पर श्रद्धालुओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित सीढ़ियां तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।अध्यक्ष ने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं को छठ पर्व मनाने के लिए दूर-दराज के घाटों पर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही यह परियोजना धार्मिक आस्था को मजबूती देने के साथ स्थानीय पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा देगी।भूमि पूजन कार्यक्रम में मंदिर के महंत बालकृष्ण दास, सभासद विजय कुमार मुन्ना, मनोनीत सभासद कर्मवीर साहनी, अरविंद चौधरी, रमेश निषाद, रवि साहनी, अर्जुन साहनी, जेई अमन गिरी, आफताब आलम, फिरोज लारी और रितेश सुरेका सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नगर पंचायत की इस पहल का स्वागत करते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।



