पागल बंदर के आतंक से दहशत में ग्रामीण, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल
घरों में घुसकर कर रहा हमला, वन विभाग से कार्रवाई की मांग

आर के भट्ट
पडरौना,कुशीनगर।
रविंद्र नगर धूस थाना क्षेत्र के ग्राम खुदरा एवं पलिया में एक पागल बंदर के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। पिछले लगभग 15 दिनों के दौरान बंदर ने आधा दर्जन से अधिक लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। लगातार हो रही घटनाओं से गांव में भय का माहौल व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार बंदर के हमले में ग्राम खुदरा निवासी 84 वर्षीय सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक रमेश मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इससे पूर्व उनके पुत्र सत्य प्रकाश मिश्रा को भी बंदर ने हमला कर चोटिल कर दिया था। इसके अलावा धर्मपुर बुजुर्ग निवासी विपिन सिंह, पलिया निवासी झब्बर मिश्रा, बल्लम प्रताप सिंह तथा चंदन मिश्रा सहित कई अन्य लोग भी बंदर के हमले का शिकार हो चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बंदर अत्यधिक आक्रामक हो गया है और कई बार घरों में घुसकर लोगों पर हमला कर रहा है। इसके कारण बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग विशेष रूप से भयभीत हैं तथा लोग घरों से निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर बंदर को पकड़ने तथा लोगों को उसके आतंक से राहत दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो और अधिक लोगों के घायल होने की आशंका बनी हुई है।
