पंजाबराज्य

अमृतसर में 30 किलो हेरोइन बरामद; दो नाबालिगों समेत छह व्यक्ति गिरफ्तार

चंडीगढ़/अमृतसर, 11 जून:

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार पंजाब को नशामुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने छह व्यक्तियों, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं, को 30.045 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर सीमा पार संचालित नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर की फतेह सिंह कॉलोनी निवासी गौतम (24), अमृतसर के छेहरटा निवासी कबीर उर्फ काकू (22), अमृतसर निवासी समीर उर्फ सभरवाल (18) तथा अमृतसर की ऑर्किड वैली निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ कीड़ा (18) के रूप में हुई है। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी कबीर उर्फ काकू का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उसके खिलाफ थाना छेहरटा में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से मामला दर्ज है।

नशों की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने आरोपियों का मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल वे नशा तस्करी के लिए कर रहे थे।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दुबई स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे, जो सीमा पार से हेरोइन की तस्करी में उनकी सहायता कर रहा था। उन्होंने बताया कि उक्त तस्कर के निर्देशों पर आरोपी निर्धारित स्थानों से नशे की खेप प्राप्त कर उसे पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में आगे सप्लाई करते थे।

डीजीपी ने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान करने तथा वित्तीय स्रोतों का पता लगाकर संभावित हवाला संबंधों का खुलासा करने के लिए आगे जांच जारी है।

ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस टीमों ने आरोपी गौतम को उसके दो नाबालिग साथियों सहित गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 30.045 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। उन्होंने बताया कि गौतम से पूछताछ के आधार पर तीन अन्य आरोपियों—कबीर उर्फ काकू, समीर उर्फ सबरवाल और गुरप्रीत सिंह उर्फ कीड़ा—को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि जांच के अनुसार दुबई स्थित तस्कर इस पूरे मॉड्यूल का मास्टरमाइंड है, जो पहले से ही 42 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी मामले तथा 10 किलोग्राम आईसीई बरामदगी मामले सहित तीन बड़े एनडीपीएस मामलों में पुलिस को वांछित है। उन्होंने बताया कि दुबई में बैठकर संचालित होने वाला यह आरोपी नाबालिगों सहित युवाओं को धन का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था और फिर उन्हें नशे की खेप प्राप्त करने तथा आगे सप्लाई करने जैसे कार्यों में इस्तेमाल करता था।

इस संबंध में थाना छेहरटा, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी, 25 और 29 के तहत एफआईआर संख्या 122 दिनांक 03.06.2026 दर्ज की गई है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button