उत्तर प्रदेशदेवरियाराज्य
Trending

जीआरपी देवरिया की मुस्तैदी, प्लेटफॉर्म नंबर एक से बिहार का शराब तस्कर गिरफ्तार

आरोपी के पास से आठ लीटर अवैध शराब बरामद

गौरव कुशवाहा / देवरिया। रेलवे परिसरों और ट्रेनों के माध्यम से होने वाली मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध जिला प्रशासन और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) का अभियान रंग ला रहा है। पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के दिशा-निर्देशन और पुलिस उपाधी0क्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम के निकट पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी देवरिया ने प्लेटफॉर्म संख्या एक से बिहार के एक शातिर शराब तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त के पास से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की गई है, जिसे वह ट्रेनों के जरिए बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।

​अपराध नियंत्रण और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए जीआरपी थाना प्रभारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार मौर्य और कांस्टेबल आनंद प्रकाश यादव की टीम देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक पर एक अधेड़ व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध रूप से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। जब उसके पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से ‘बंटी-बबली’ ब्रांड के 40 अदद अवैध देशी शराब के टेट्रा पैक (प्रत्येक 200 एमएल) बरामद हुए। बरामद की गई कुल आठ लीटर शराब की अनुमानित सरकारी कीमत ₹2,200 आंकी गई है।

​पकड़े गए अभियुक्त की पहचान हरिन्द्र तिवारी (उम्र करीब 50 वर्ष) पुत्र विश्वम्भर तिवारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार प्रांत के मोतिहारी जनपद अंतर्गत राजकररिया पहाड़पुर का निवासी है। पुलिस अभिरक्षा में हुई पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह अपना निजी खर्च चलाने के लिए उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से कम दामों पर शराब खरीदता था और फिर ट्रेनों के जरिए उसे बिहार ले जाकर दोगुने दामों पर बेच देता था। शुक्रवार को भी वह इसी उद्देश्य से ट्रेन पकड़ने की फिराक में था, लेकिन सुरक्षाबलों की सतर्कता के कारण पकड़ा गया। जीआरपी ने बरामद शराब को जब्त करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध स्थानीय थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 37/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया है और उसके अन्य आपराधिक इतिहास की पड़ताल की जा रही है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button