
तरनतारन : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत तरनतारन द्वारा खेलो इंडिया तथा जिला खेल कार्यालय के सहयोग से श्री गुरु अर्जन देव स्टेडियम, तरनतारन में ‘अस्मिता’ लीग का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनमें फिटनेस और सशक्तिकरण की भावना को बढ़ावा देना था। इस कार्यक्रम का आयोजन डिप्टी डायरेक्टर मैडम जसलीन कौर के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मैडम गुरिंदर कौर, सेवानिवृत्त प्रिंसिपल खालसा स्कूल थीं। उन्होंने अपने संबोधन में समाज के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और महिलाओं को मजबूत व आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया।
जिला खेल अधिकारी मैडम सतवंत कौर ने भी अपने संबोधन में महिलाओं की शक्ति और उपलब्धियों को रेखांकित किया तथा लड़कियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
डिप्टी डायरेक्टर मैडम जसलीन कौर ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं का राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है और खेल महिलाओं को आत्मविश्वास व सशक्तिकरण प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ जैसी विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में लड़कियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर कोच सुखजीत कौर, कवलजीत कौर, रणजीत सिंह और दविंदर सिंह भी उपस्थित रहे।



