फतेहपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, तीनों की दर्दनाक मौत

फतेहपुर जिले में तेज रफ्तार ट्रक का कहर देखने को मिला है। मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन दोस्तों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक और ट्रक की तलाश में जुटी है।
बुरी तरह क्षत-विक्षत हुए तीनों शव
जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के नौवाबाग स्थित नेशनल हाईवे-2 की है। तीनों दोस्त सुबह सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
फरार ट्रक चालक की तलाश जारी
बताया जा रहा है कि मृतक तीनों दोस्त शहर के अलग-अलग मोहल्लों के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, तीनों की मौत की सूचना से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
बहराइच में रफ्तार का कहर, तीन युवकों की मौत
वहीं, दूसरी ओर बहराइच जिले के थाना रामगांव इलाके में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चौपाल सागर के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है।
तीनों युवकों की मौके पर मौत
मिली जानकारी के मुताबिक, रिसिया जमालपुर के रहने वाले रामू, मुकेश और रामकिशोर एक ही बाइक पर सवार होकर नानपारा से बहराइच की तरफ आ रहे थे। जैसे ही वे थाना रामगांव क्षेत्र के चौपाल सागर के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि तीनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



