उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

आजमगढ़ दौरे पर सीएम योगी : डेयरी केंद्र का किया उद्घाटन, कहा- विकास को सिर्फ सैफई तक सीमित रखती है सपा

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सपा विकास को सिर्फ सैफई तक सीमित रखती है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़, मऊ, बलिया और जौनपुर कभी भी सपा के एजेंडे का हिस्सा नहीं रहे।

मुख्यमंत्री आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के मिरिया रेहड़ा स्थित श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था- दुग्ध अवशीतन केंद्र का उद्घाटन करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा के लिए परिवार पहले है और उसे समाज या देश से कोई लेना-देना नहीं है।

उन्होंने कांग्रेस और सपा पर तंज कसते हुए कहा, ”समाजवादी पार्टी सिर्फ सैफई (सपा अध्यक्ष का पैतृक गांव)का विकास करेगी, लेकिन वे आजमगढ़ को नहीं देखेंगे, उस आजमगढ़ को जिसने उन्हें हमेशा चुनाव जिताया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि उनके लिए विकास सिर्फ उन्हीं तक सीमित है।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ”आजमगढ़, मऊ, बलिया और जौनपुर कभी भी उनके एजेंडे का हिस्सा नहीं थे। अगर होते, तो वे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का निर्माण करवा लेते। वे महाराजा सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय भी बनवा सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। विकास उनके एजेंडे का हिस्सा नहीं था। लेकिन भाजपा का एजेंडा ‘राष्ट्र प्रथम’है।”

उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ और भाजपा के संस्थापकों ने जो भी सोचा था, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उसे पूरा किया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास हो रहा है, लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि आजमगढ़ की पहचान को मान्यता मिल रही है।

उन्होंने कहा, ”पहले आज़मगढ़ के नाम पर लोगों को होटलों और धर्मशालाओं में कमरे नहीं मिलते थे। और आज जब आप आज़मगढ़ के नाम से जाते हैं, तो कोई आपको रोकेगा नहीं, कोई दखल नहीं देगा, बल्कि आपका स्वागत करेगा। ऐसा इसलिए है क्योंकि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार सम्मान दिलाने के लिए भी काम करती है। जब विकास बिना किसी भेदभाव के होता है, तो हमें उसका लाभ उसी रूप में देखने को मिलता है।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों ने महाराजा सुहेलदेव को ”भुला दिया” था, लेकिन हमारी सरकार ने उस महान सपूत के नाम पर एक विश्वविद्यालय बनाया है, जिन्होंने हजार साल पहले विदेशी आक्रमणकारियों के सामने भारत का साहस दिखाया था।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं की आत्मनिर्भता की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कहा, ”जब एक महिला आत्मनिर्भर हो जाती है, तो पूरा परिवार आत्मनिर्भर हो जाता है। जब परिवार आत्मनिर्भर हो जाता है, तो समाज की एक महत्वपूर्ण कड़ी आत्मनिर्भर हो जाती है। जब ये कड़ियां आपस में जुड़ती हैं, तो राष्ट्र निर्माण की इकाई मजबूत होती है और ‘विकसित भारत’ का विचार साकार होता है। ‘विकसित भारत’ के लिए महिलाओं का आत्मनिर्भर होना आवश्यक है।” इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान एवं श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button