उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

UP SIR : 1.27 करोड़ वोटरों पर मचा घमासान! CM योगी ने BJP को दिया बड़ा टास्क, 17 नवंबर से चलेगा अभियान

उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से 1.27 करोड़ नाम कटने का मुद्दा अब सियासी तूल पकड़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दावे के बाद बीजेपी संगठन अलर्ट मोड में आ गया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी की विशेष कार्यशाला में हिस्सा लिया।

बैठक में पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों को बुलाया गया था। कार्यशाला में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, बूथ स्तर पर निगरानी और मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों के नाम दोबारा जुड़वाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे विशेष अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर न रहे।

17 नवंबर से शुरू होगा मतदाता सूची पुनरीक्षण, छूटे नाम जोड़ने पर फोकस

उत्तर प्रदेश में 17 नवंबर से मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसी दौरान ऐसे पात्र मतदाताओं को सूची में दोबारा शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिनके नाम किसी वजह से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।

बीजेपी की कार्यशाला में संगठन के पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और घर-घर तक पहुंचकर पात्र मतदाताओं की पहचान करने पर जोर दिया गया। पार्टी का लक्ष्य है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कोई भी वैध मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।

योगी के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं वाले बयान से गरमाई सियासत

दरअसल, 30 अक्टूबर को बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने SIR के बाद तैयार की गई मतदाता सूची पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया था कि प्रदेश के करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं।

सीएम योगी के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई। बीजेपी संगठन ने इसे गंभीरता से लेते हुए मतदाता सूची की समीक्षा और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने की कवायद तेज कर दी है। वहीं, इस मुद्दे पर विपक्षी दलों की ओर से भी राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिल रही है।

केशव मौर्य बोले- किसी मतदाता का नाम नहीं कटा

बीजेपी की इस विशेष कार्यशाला में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम नहीं कटा है। सभी मतदाता यहीं मौजूद हैं और जिनका नाम सूची में नहीं है, उन्हें दोबारा शामिल कराया जाएगा। केशव प्रसाद मौर्य ने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। प्रचंड बहुमत से सरकार बनने की संभावना से विपक्षी दल परेशान हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन को ‘ठगबंधन’ करार दिया। मौर्य ने कहा कि ये सभी दल जनता को गुमराह करने में कामयाब नहीं होंगे। जनता का बीजेपी पर पूरा विश्वास है।

संगठन की ताकत से चुनाव मैदान में उतरेगी बीजेपी

डिप्टी सीएम ने कहा कि जिन पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची से छूट गए हैं, उनके पास दोबारा नाम जुड़वाने का मौका है। उन्होंने संगठन की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि बीजेपी में संगठन सर्वोपरि है और पार्टी संगठन की ताकत के दम पर ही चुनाव मैदान में उतरती है। SIR को लेकर बीजेपी की इस सक्रियता को आगामी चुनावों की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल पार्टी का पूरा जोर मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित कराने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button