मोहर्रम को लेकर SP और SDM ने शहर में किया फ्लैग मार्च, संवेदनशील मार्गों का लिया जायज़ा

- मोहर्रम को लेकर SP और SDM ने शहर में किया फ्लैग मार्च, संवेदनशील मार्गों का लिया जायज़ा
गौरव कुशवाहा
देवरिया। मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। बुधवार की शाम पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा, एएसपी उत्तरी अरविन्द कुमार वर्मा, सीओ नगर संजय कुमार रेड्डी और कोतवाली पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया।
यह गश्त सुभाष चौक, अबूबकर नगर, रेलवे चौकी, कसया ढाला तिराहा, सब्जी मंडी समेत ताजिया जुलूस मार्गों व संवेदनशील स्थलों तक किया गया। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों व धर्मगुरुओं से संवाद कर सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की।
विक्रान्त वीर ने निर्देशित किया कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त फोर्स की तैनाती हो और किसी भी अफवाह या आपत्तिजनक गतिविधि पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने सोशल मीडिया की कड़ी निगरानी का भी आदेश दिया।
गश्त का उद्देश्य न केवल सुरक्षा स्थिति को परखना था, बल्कि आम नागरिकों में यह विश्वास भी स्थापित करना था कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
अधिकारियों ने यह भी अपील की कि मोहर्रम का पर्व परंपरागत और शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 112 या नजदीकी थाने को दी जाए।



