जिलाधिकारी ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण, 25,26,27 अप्रैल को दो पालियों 10 से 12 और 3 से 5 होगी परीक्षा

संवाददाता ख्वाजा एक्सप्रेस
बरेली। होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2025 के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में प्रथम पाली के दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने एडीएम सिटी सौरभ दुबे एवं एसपी यातायात अकमल खान के साथ जी.आई.सी. कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाएं, प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली एवं परीक्षा की गोपनीयता से जुड़े सभी पहलुओं का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराई जाए। केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी और सुव्यवस्थित प्रवेश प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं समयबद्ध प्रवेश के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी सुरक्षा और सुविधा को लेकर पूरी तरह सजग है।
बरेली में यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की जा रही है, जो शनिवार, रविवार और सोमवार को दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा ऑफलाइन (OMR आधारित) माध्यम से कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि शहर में उर्स के चलते ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया है, जिससे अभ्यर्थियों को समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने में सुविधा मिल सके। अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड 22 अप्रैल से uppbpb.gov.in वेबसाइट से डाउनलोड कर चुके हैं।
प्रशासन की सख्ती और व्यवस्थाओं के चलते परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन एवं सुव्यवस्था का माहौल देखने को मिला और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होती नजर आई।



