ACP विवेक भगत को बड़ा झटका! Additional DCP का चार्ज देने वाले आदेश पर दिल्ली सरकार ने लगाई रोक

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने ACP विवेक भगत को एडिशनल DCP का करेंट ड्यूटी चार्ज (CDC) देने के आदेश पर फिलहाल रोक लगा दी है। सरकार अब इस आदेश में संशोधन कर इसे दोबारा जारी करेगी। विवेक भगत पर 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक महिला पत्रकार के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। मामले में FIR दर्ज करने की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है।
दिल्ली सरकार के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेशों के 12 अधिकारियों को एडिशनल DCP का CDC देने की प्रक्रिया 25 अगस्त को शुरू की गई थी। सरकार का कहना है कि यह प्रक्रिया मौजूदा विवाद सामने आने से पहले ही शुरू हो चुकी थी। 5 अक्टूबर को मंजूरी मिलने के बाद अधिकारियों को चार्ज देने संबंधी आदेश जारी किया गया था।
विवाद सामने आने के बाद विवेक भगत ने खुद कहा कि महिला पत्रकारों से जुड़े उत्पीड़न के मामले की पूरी जांच होने तक वह एडिशनल DCP का चार्ज नहीं लेना चाहते हैं। इसके बाद दिल्ली सरकार ने पहले जारी आदेश में बदलाव करने का फैसला लिया।
बाकी 11 अधिकारियों के लिए फिर जारी होगा आदेश
सरकार के मुताबिक, विवेक भगत से जुड़े आदेश में संशोधन किया जाएगा। वहीं, बाकी 11 अधिकारियों को एडिशनल DCP का CDC चार्ज देने के लिए आदेश दोबारा जारी किया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि अधिकारियों को चार्ज देने की प्रक्रिया पहले से चल रही थी और इसे मौजूदा विवाद से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
AI से आपत्तिजनक पोस्टर बनाने का आरोप, एक गिरफ्तार
इसी मामले के बीच दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने AI की मदद से एडिशनल DCP विवेक भगत का आपत्तिजनक पोस्टर तैयार किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बताया जा रहा है कि AI से तैयार इस पोस्टर में विवेक भगत को महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी करते हुए दिखाया गया था। पुलिस का आरोप है कि पोस्टर एक साजिश के तहत तैयार किया गया और सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, ताकि माहौल खराब हो।
गिरफ्तार आरोपी को दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसकी पुलिस कस्टडी ली गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्टर तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर फैलाने के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, जांच में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।



