उत्तर प्रदेशखेल-खिलाड़ीदेवरियादेशराज्य
Trending

अंतरराष्ट्रीय मंच पर देवरिया का परचम: गंगतेश्वर सिंह और देवानंद भारती बेंगलोर में 2nd एशिया मास्टर चैंपियनशिप में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य और वाइस प्रेसिडेंट अरविंद गुप्ता ने दी शुभकामनाएं

गौरव कुशवाहा / देवरिया। जनपद देवरिया के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। राष्ट्रीय मास्टर नेशनल तैराकी चैंपियनशिप में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद देवरिया डिस्ट्रिक्ट स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष गंगतेश्वर सिंह तथा सचिव देवानंद भारती का चयन ‘2nd एशिया मास्टर चैंपियनशिप’ के लिए भारतीय दल में हुआ है। दोनों खेल कर्णधार अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए बेंगलोर पहुँच चुके हैं, जहाँ 4 से 10 अक्टूबर 2026 तक इस बहुप्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। राष्ट्रीय स्तर से अंतरराष्ट्रीय क्षितिज पर जनपद का नाम रोशन होना पूरे देवरिया और उत्तर प्रदेश के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि है।

​इस अभूतपूर्व अवसर पर देवरिया के खेल प्रेमी और प्रशासनिक हलके में उत्साह का माहौल है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. राम जियावन मौर्य तथा डिस्ट्रिक्ट स्विमिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष (वाइस प्रेसिडेंट) अरविंद गुप्ता ने संयुक्त रूप से दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले के प्रतिनिधियों का देश का प्रतिनिधित्व करना न केवल खेल जगत बल्कि पूरे जनपद और बेसिक शिक्षा परिवार के लिए गर्व का विषय है। इससे स्थानीय युवाओं और उभरते खिलाड़ियों को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी।

​डिस्ट्रिक्ट स्विमिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने जनपदवासियों की ओर से दोनों खेल प्रतिनिधियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद एशिया मास्टर चैंपियनशिप में स्थान बनाना इन दोनों विभूतियों के निरंतर परिश्रम, लगन और खेल के प्रति निष्ठा का सुखद परिणाम है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे दोनों प्रतिनिधियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और पदक विजय के लिए प्रार्थना करें। इसके साथ ही एसोसिएशन ने यह भी ऐलान किया है कि प्रतियोगिता से पदक लेकर वापसी करने पर देवरिया में दोनों खेल नायकों का ऐतिहासिक नागरिक अभिनंदन और भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button