
मुंबई से पहुंचते ही कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट पर पहुंचते ही दिपके और उनके सहयोगियों को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, फ्लाइट जैसे ही दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड की वैसे ही पुलिस विमान में घुस गई और अभिजीत दिपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी को प्रदर्शन करने के लिए इजाजत नहीं दी गई है। इसलिए वे जंतर-मंतर पर जा प्रदर्शन नहीं कर सकते।
दिपके बोले- मुझे गिरफ्तार कर लो
बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस के जवान उस विमान में दाखिल हुए जिसमें कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके दिल्ली पहुंचे। यह फ़्लाइट IGI एयरपोर्ट पर उतरी है। अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस से कहा कि मैं यहां गिरफ़्तार होने आया हूं। मुझे गिरफ़्तार कीजिए। दिल्ली पुलिस के जवानों ने उनसे कहा, “नहीं, यह गिरफ़्तारी नहीं है। कृपया सहयोग करें।”
सीजेपी नेताओं की पुलिस से बहस
दिपके ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें दिल्ली पुलिस की टीम फ्लाइट में घुसती हुई दिख रही है। पुलिस ने सौरव दास और आशुतोष रांका को भी फ्लाइट से ही हिरासत में ले लिया। दिपके के पोस्ट किए गए वीडियो में फ्लाइट के अंदर हंगामा दिख रहा है, जिसमें CJP नेता पुलिस से बहस कर रहे हैं और पूछ रहे हैं कि वे उनके फ्लाइट से उतरने का इंतज़ार क्यों नहीं कर सकते थे। दिपके को प्लेन में आईं महिला पुलिसकर्मियों से यह कहते हुए देखा गया, “आप हमारे बाहर आने तक इंतज़ार कर सकते थे। आइए हमें गिरफ़्तार कीजिए, हम डरते नहीं हैं।”



