खेल-खिलाड़ीबड़ी खबर

Shubman Gill ने तोड़ा 15 साल पुराना रिकॉर्ड, 334 रन के साथ रचा इतिहास; विराट-गांगुली-धोनी भी पीछे

नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज का अंत टीम इंडिया ने 2-1 से किया। इस सीरीज में भारतीय कप्तान शुभमन गिल का बल्ला जमकर बोला।

गिल ने पहले वनडे में शतकीय पारी खेली। दूसरे वनडे में उन्होंने रिकॉर्ड दोहरा शतक जड़ा। हालांकि तीसरे वनडे में कप्तान सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए।

इसके बावजूद गिल ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह तीन मैचों की वनडे सीरीज में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

गिल ने जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर का 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।

तीन मैचों में बनाए 334 रन

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों में शुभमन गिल ने कुल 334 रन बनाए। उनका औसत 167 का रहा। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक निकले।

इस शानदार प्रदर्शन के साथ गिल ने ब्रेंडन टेलर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। टेलर ने 2011 में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 310 रन बनाए थे।

गिल अब तीन मैचों की वनडे सीरीज में बतौर कप्तान 300 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे कप्तान हैं।

टॉप-5 में बाबर आजम भी शामिल

तीन मैचों की वनडे सीरीज में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में शुभमन गिल पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।

ब्रेंडन टेलर 310 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वेस्टइंडीज के शे होप ने भारत के खिलाफ 2026 में 278 रन बनाए और तीसरे स्थान पर हैं।

पाकिस्तान के बाबर आजम ने 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 276 रन बनाए थे। वह चौथे नंबर पर हैं।

यूएई के कुर्रम खान 270 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

विराट कोहली का रिकॉर्ड भी टूटा

गिल ने इस सीरीज के साथ भारतीय कप्तान के तौर पर भी नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज में किसी भारतीय कप्तान के सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था।

विराट ने 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 263 रन बनाए थे। अब गिल ने 334 रन बनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

प्लेयर ऑफ द सीरीज बनकर गांगुली-युवराज-धोनी की बराबरी

वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के लिए शुभमन गिल को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

यह उनके वनडे करियर का सातवां प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सौरव गांगुली, युवराज सिंह और एमएस धोनी की बराबरी कर ली है।

भारतीय खिलाड़ियों में इस मामले में अब गिल से आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली हैं।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button