देश

CM धामी ने चम्पावत को दी 164 करोड़ की सौगात : विकास परियोजनाओं के साथ जिला अस्पताल में शुरू हुई MRI सुविधा

चम्पावत। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत जिले को विकास और स्वास्थ्य क्षेत्र में 164 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ जिला चिकित्सालय में करीब छह करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने 123.79 करोड़ रुपये की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 27.79 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई आठ परियोजनाओं का लोकार्पण और 96 करोड़ रुपये की लागत वाली नौ नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा 3.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन और रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया गया।

धामी ने कहा कि लगभग 62.33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स शहर की पार्किंग समस्या को दूर करेगा और स्थानीय व्यापार को नई गति देगा। उन्होंने दोहराया कि चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जिला बनाना सरकार का संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम, कृषि महाविद्यालय, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक साइंस सेंटर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी और विरासत भी’ के विजन के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिला चिकित्सालय में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक एमआरआई मशीन स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे चम्पावत, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और आसपास के सीमांत क्षेत्रों के लाखों लोगों को एमआरआई जांच के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि जिले में 40 करोड़ रुपये से अधिक की स्वास्थ्य परियोजनाओं पर कार्य जारी है। जिला चिकित्सालय में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है, जबकि 11.71 करोड़ रुपये की लागत से डायग्नोस्टिक विंग, ऑपरेशन थिएटर और पार्किंग का निर्माण भी प्रगति पर है। अमोड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण पूरा हो चुका है और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेज़ी से आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निशुल्क एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पुजारियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, शिक्षकों, उद्यमियों, टैक्सी यूनियन, बैंक कर्मियों, अधिवक्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।

दौरे के अंत में मुख्यमंत्री ने खटकना पुल स्थित एटलस पावर हाउस जिम का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button