आंवले की खुशबू पहुंची ‘मन की बात’ तक, PM मोदी ने की प्रतापगढ़ की तारीफ; योगी बोले- मातृशक्ति ने बदली तस्वीर

‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को यूपी के प्रतापगढ़ जिले के आंवले और इससे जुड़े उद्योग की सराहना की तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया। मन की बात कार्यक्रम में प्रतापगढ़ के आंवले और इससे जुड़े कारोबार का जिक्र होने पर सीएम योगी ने कहा कि आंवला अब सिर्फ जिले की पहचान नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, स्थानीय उद्यम को मजबूत करने और मातृशक्ति को स्वावलंबी बनाने का जरिया बन रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ”प्रधानमंत्री ने प्रतापगढ़ के आंवले और इससे समृद्धि की नई राह बना रही मातृशक्ति का उल्लेख कर समूचे उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना से मिली नई ताकत ने प्रतापगढ़ की पीढ़ियों पुरानी पहचान को नई उड़ान दी है।”
100 इकाइयां बदल रहीं आंवले की तस्वीर
योगी ने बताया कि प्रतापगढ़ में आंवला प्रसंस्करण से जुड़ी करीब 100 इकाइयां काम कर रही हैं। इसके साथ ही सावित्री फुले और विंध्यवासिनी स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी आंवला आधारित गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यम के अवसर बढ़ रहे हैं।
पीढ़ियों पुरानी पहचान को ODOP ने दी नई उड़ान
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतापगढ़ और आंवले के पुराने रिश्ते का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिले के किसान पीढ़ियों से आंवले की खेती करते आ रहे हैं। घरों में अचार, मुरब्बे, जूस और सर्दियों में च्यवनप्राश के लिए पहचाना जाने वाला आंवला अब प्रतापगढ़ में नई संभावनाओं और समृद्धि का माध्यम बन रहा है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि ODOP योजना ने आंवले से जुड़ी प्रतापगढ़ की पारंपरिक पहचान को मजबूती दी है। जिले में करीब 100 आंवला प्रसंस्करण इकाइयां संचालित हो रही हैं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी इसमें अहम भूमिका निभा रही हैं।
सीएम योगी बोले- ‘आत्मनिर्भर’ से ‘विकसित’ यूपी की ओर बढ़ रहा कदम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्थानीय सामर्थ्य को अवसर और मातृशक्ति के परिश्रम को नई पहचान देने वाला यह प्रयास ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ से ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ की यात्रा को गति प्रदान कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि प्रतापगढ़ के आंवले की पहचान को राष्ट्रीय मंच पर मिली यह पहचान जिले के किसानों, उद्यमियों और महिलाओं के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोल रही है।



