
हल्द्वानी। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी एक विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी मेले में शनिवार को उस समय हंगामा हो गया, जब धारचूला विधायक अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। आरोप है कि संबोधन का मौका नहीं मिलने से नाराज विधायक ने साउंड कर्मी के साथ मारपीट की और मंच पर रखा पोडियम उठाकर फेंक दिया। उनके समर्थकों पर भी तोड़फोड़ के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, शनिवार को जौलजीबी मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया था। आरोप है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से रवाना होते ही कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। कार्यक्रम में संबोधन का अवसर नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विधायक ने पहले साउंड कर्मी से मारपीट की और फिर मंच पर रखा पोडियम हटाकर फेंक दिया। इस दौरान समर्थकों पर भी कार्यक्रम स्थल पर तोड़फोड़ करने का आरोप है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई।
पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने समर्थकों को रोकने और विधायक को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि विधायक शांत नहीं हुए। बाद में उन्होंने माइक से संबोधन किया। इस दौरान उन पर जनता को भड़काने की कोशिश करने का भी आरोप लगा।
चुनावी माहौल में घटना की चर्चा
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जौलजीबी मेले में हुई इस घटना ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। फिलहाल विधायक के व्यवहार और कार्यक्रम स्थल पर हुए विवाद को लेकर मामला सुर्खियों में है।



