खेल-खिलाड़ी

वीनू मांकड़ ट्रॉफी: निहाल-केवल का दमदार प्रदर्शन, गुजरात ने झारखंड को 91 रनों से हराया

नई दिल्ली। वीनू मांकड़ ट्रॉफी में शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम के डॉ. पीवीजी राजू एसीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में गुजरात अंडर-19 टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए झारखंड अंडर-19 को 91 रनों से हराया। मुकाबले में झारखंड ने टॉस जीतकर पहले गुजरात को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। गुजरात की शुरुआत दमदार रही और शौर्य पंचोली और निहाल पटेल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 128 रन जोड़े।

शौर्य ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 61 गेंदों में 79 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 6 चौके और छह छक्के लगाए। वहीं, निहाल भी अपने शतक से चूक गए और वह 95 गेंदों में 83 रन बनाकर आउट हुए। निहाल ने अपनी इस पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए।

नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे वेद पटेल भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 66 रनों की सूझबूझ भरी पारी खेली। वेद ने अपनी इस इनिंग में 3 चौके और 4 छक्के लगाए। कुश पटेल ने 37 गेंदों में 2 चौके और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाए।

वहीं, समीर भंडारी ने 22 गेंदों में 30 रनों का योगदान दिया। अंत के ओवरों में काव्या पटेल ने 8 गेंदों में 19 रन बनाए, तो केवल पटेल ने 7 गेंदों में 13 रन बनाए, जिसके दम पर गुजरात टीम 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 341 रन बनाने में सफल रही। गेंदबाजी में झारखंड की ओर से ईशान ओम ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले।

गुजरात अंडर-19 टीम से मिले 342 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए झारखंड की टीम 9 विकेट खोकर 250 रन ही बना सकी। टीम की तरफ से तन्मय ने सर्वाधिक 85 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, अमर्त्य चौधरी भी अच्छी लय में दिखे और उन्होंने 48 गेंदों में 53 रन बनाए। तन्मय और अमर्त्य ने मिलकर झारखंड को अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े।

हालांकि, इन दोनों के पवेलियन लौटने के बाद टीम का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। मनमीत सिंह ने 43 रनों का योगदान दिया। केवल पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर के स्पेल में 52 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, बल्ले से 83 रनों की दमदार पारी खेलने वाले निहाल ने गेंदबाजी में भी 33 रन देकर 2 अहम विकेट झटके।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button