
नई दिल्ली: परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है, “INDI गठबंधन परिसीमन बिल का विरोध करेगा। ये लोकतंत्र के लिए खतरा है। इसमें SC-ST को, अनुसूचित जाति और जनजातियों के हितों को नहीं रखा गया है। लोकतंत्र को खत्म करके पूरी सत्ता अपने हाथ में लेने के लिए उन्होंने आज 800 पार की बात की है।”
खरगे ने और क्या कहा?
खरगे ने कहा, “आज हमारे INDI गठबंधन दलों के सभी नेताओं ने मिलकर तय किया है कि मोदी सरकार द्वारा जो परिसीमन संविधान संशोधन बिल लाया जा रहा है, लोकतंत्र के लिए ये बहुत बड़ा खतरा है। लोकतंत्र को खत्म करके पूरी सत्ता अपने हाथ में लेने के लिए उन्होंने आज 800 पार की बात की है। पिछले चुनाव में उनका 400 पार का नारा था लेकिन अब सीटें बढ़ाकर वे लोग हमेशा के लिए सत्ता अपने हाथ में लेना चाहते हैं।”
इसमें SC-ST को, अनुसूचित जाति और जनजातियों के हितों को नहीं रखा गया- खरगे
खरगे ने कहा, “दूसरी बात यह कि इसमें SC-ST को, अनुसूचित जाति और जनजातियों के हितों को नहीं रखा गया है। उसके साथ अन्याय किया गया है… संविधान ये कहता है कि SC-ST की सीटें बढ़नी चाहिए लेकिन उसमें इसका कोई प्रावधान नहीं है… ताजा जनगणना आने वाली है। इसके बारे में कुछ नहीं बताया गया। अगर ताजा जनगणना के तहत इसे(परिसीमन) किया जाए तो प्राकृतिक तौर पर SC-ST वर्ग को उनकी बढ़ी हुई संख्या के अनुसार बढ़ी हुई सीटें मिलेंगी लेकिन वे(भाजपा)चाहते हैं कि SC-ST वर्ग को उनका अधिकार न मिले।”
खरगे ने कहा, “तीसरी बात यह कि चुनाव आयोग, जिसने 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को मतदाता सूची से हटाया है, उसे ही परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। ये हमें स्वीकार नहीं है। ज्ञानेश कुमार अपराध के कटघरे में हैं। उन्हीं के नेतृत्व में यदि ये हुआ तो और भी गड़बड़ी हो जाएगी…हमने देखा है कि असम और जम्मू-कश्मीर में किस तरह से परिसीमन हुआ। आपके सामने ये उदाहरण है। भौगोलिक तौर पर अपने फायदे के लिए वे लोग क्षेत्रों को बदलते हैं। सत्ता को पूरी तरह से अपने हाथ में लेने के लिए ये लोग मजबूती से काम कर रहे हैं। पिछली बार जब बिल लाया गया था तो वे लोग विफल हो गए। अब उन्होंने TMC को तोड़ा, NCP को तोड़ा, शिवसेना को तोड़ा। सभी पार्टियों को तोड़कर उन्हें जब ऐसा महसूस हुआ कि उनके पास संख्याबल है तो वे सत्र बुला रहे हैं।”
परिसीमन विधेयक पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू का भी सामने आया बयान
परिसीमन विधेयक पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद, कांग्रेस पार्टी को भी अपना पुराना रुख और पुरानी सोच बदल लेनी चाहिए… मैं कांग्रेस पार्टी और उन कुछ अन्य लोगों से भी, जो कांग्रेस के कहने पर इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं, यह आग्रह करता हूं कि वे राजनीति को एक तरफ रखें और संसद में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मिलकर काम करें, ताकि यह विधेयक पारित हो सके।”
उन्होंने आगे कहा, “परिसीमन विधेयक, जिसका उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देना और जन-प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाना है, अब पूरी तरह स्पष्ट हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण की वकालत करते हुए और लोकसभा तथा विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का प्रस्ताव रखकर हर राज्य की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए पूरे देश को एक संदेश दिया है। यदि कोई इस पहल का विरोध करता है, तो पूरा देश न केवल महिलाएं उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। इससे बेहतर कोई विधेयक या प्रावधान नहीं हो सकता; इसमें हर पहलू को शामिल किया गया है, चाहे वह हर राज्य और हर समुदाय (SC, ST या महिलाएं) के हित हों और साथ ही जन-प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का भी प्रावधान है।” (इनपुट- ANI से भी)



