खेल-खिलाड़ीबड़ी खबर

Asian Games 2026 : सेलिंग में भारत को मिला पहला पदक, महिला स्क्वैश टीम ने जीता ब्रॉन्‍ज, देखें भारत की मेडल तालिका

आइची-नागोया। एशियाई खेलों में गुरुवार का दिन भारतीय खिलाड़ियों के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा। महिला स्क्वैश टीम ने कांस्य पदक पक्का किया, जबकि कुश्ती में नितेश ने सेमीफाइनल और मानसी अहलावत ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर पदक की उम्मीद कायम रखी। जूडो में यामिनी मौर्य भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं।

सेलिग में भारत को मिला पदक 

भारतीय नाविकों मनु फ्रांसिस और प्रिंस कुरिसिंकल नोबल की जोड़ी ने गुरुवार को पुरुषों की स्किफ स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीत लिया। यह एशियाई खेलों की नौकायन स्पर्धा में भारत का पहला पदक है। आज यहां भारतीय जोड़ी की दिन की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 8वीं रेस के बाद वे चौथे स्थान पर खिसक गए थे। लेकिन 9वीं और अंतिम रेस में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल कर कुल 23 अंकों के साथ रजत पदक अपने नाम किया। चीन के वेन ज़ैडिंग और लियू तियान की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं हांगकांग ने तीसरे स्थान के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

स्क्वैश में रोमांचक मुकाबला, भारत के खाते में कांस्य

महिला स्क्वैश टीम को सेमीफाइनल में हांगकांग के खिलाफ 1-2 से हार मिली। इसके साथ भारतीय टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। मुकाबले की शुरुआत भारत के लिए मुश्किल रही। अनाहत सिंह को चान सिन युक ने 3-2 से हराया। इसके बाद तन्वी खन्ना ने ली का यी को 3-1 से हराकर भारत की वापसी कराई और मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। निर्णायक मैच में जोशना चिनप्पा को हो त्जे लोक के खिलाफ 0-3 से हार मिली। इस तरह हांगकांग ने फाइनल में जगह बनाई और भारत को कांस्य पदक मिला।

कुश्ती में नितेश का दमदार प्रदर्शन

ग्रीको-रोमन कुश्ती के 97 किग्रा वर्ग में नितेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने तुर्कमेनिस्तान के अमनबर्डी आगामम्मेदोव को 7-1 से हराया। नितेश ने मुकाबले के पहले पीरियड में ही 7-0 की बढ़त बना ली थी। अब सेमीफाइनल में उनका सामना मंगोलिया के गंखुयाग गनबातर या दक्षिण कोरिया के ली मिन-हो में से किसी एक से हो सकता है।

मानसी अहलावत भी क्वार्टर फाइनल में

महिलाओं के 62 किग्रा वर्ग में मानसी अहलावत ने कजाकिस्तान की इरिना कुजनेत्सोवा को 6-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अब मानसी की भिड़ंत दक्षिण कोरिया की जो सुबीन से होगी। भारतीय पहलवान के प्रदर्शन पर अब पदक की उम्मीदें टिकी हैं।

अमन हारे, रिपेचेज का रास्ता खुला

ग्रीको-रोमन 77 किग्रा वर्ग में भारतीय पहलवान अमन को कतर के मौजूदा एशियाई चैंपियन शाहीन बदाघिमोफ्राद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। शाहीन ने शुरुआत से दबाव बनाए रखा और तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर मुकाबला अपने नाम किया। हालांकि, अगर शाहीन फाइनल में पहुंचते हैं तो अमन को रिपेचेज राउंड में उतरने का मौका मिल सकता है।

जूडो क्वार्टर फाइनल में यामिनी मौर्य 

महिलाओं के 57 किग्रा जूडो वर्ग में यामिनी मौर्य ने शानदार शुरुआत की। उन्होंने कतर की फतेना बु-काहोस को इप्पोन से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अब यामिनी का सामना मंगोलिया की अरिउनजाया टेरबिश से होगा।

चिकिता की पदकों की हैट्रिक का सपना टूटा

कंपाउंड तीरंदाजी में चिकिता तनीपार्थी महिला व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में हार गईं। इससे एशियाई खेलों में लगातार तीसरा पदक जीतने की उनकी उम्मीद खत्म हो गई। चिकिता ने इससे पहले महिला टीम और मिश्रित टीम कंपाउंड स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे। क्वार्टर फाइनल में उन्हें इंडोनेशिया की नुरिसा दियान अशरीफाह ने 144-143 से हराया।

वॉलीबॉल में पाकिस्तान से हार, अभियान खत्म

भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम का एशियाई खेलों का सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। पाकिस्तान ने भारत को 3-0 (25-19, 25-23, 25-18) से हराया। पाकिस्तान ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारत के लिए इस हार के साथ वॉलीबॉल प्रतियोगिता समाप्त हो गई।

भारत के लिए आज क्या रहा खास?

स्क्वैश: महिला टीम को कांस्य पदक

कुश्ती: नितेश सेमीफाइनल में

कुश्ती: मानसी अहलावत क्वार्टर फाइनल में

जूडो: यामिनी मौर्य क्वार्टर फाइनल में

तीरंदाजी: चिकिता व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में बाहर

वॉलीबॉल: पाकिस्तान से हार के बाद भारतीय पुरुष टीम बाहर

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button