
नई दिल्ली। दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में बुधवार को INDIA ब्लॉक की अहम बैठक हो रही है। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR, चुनावी प्रक्रिया, EVM-VVPAT और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्षी दलों की रणनीति पर चर्चा हो रही है। बैठक में 19 विपक्षी दलों के शामिल होने की रिपोर्ट है।
खड़गे ने उठाई प्री-SIR वोटर लिस्ट की मांग
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगामी चुनावों में SIR से पहले तैयार मतदाता सूची के इस्तेमाल की मांग रखी। उन्होंने EVM के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराने की भी वकालत की। इसके साथ ही उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने तथा अपील का अवसर दिए जाने की बात कही।
खड़गे ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर विपक्षी दलों के साझा रुख और संयुक्त कार्रवाई की जरूरत पर भी जोर दिया।
19 दलों की बैठक, सपा की ओर से प्रतिनिधि पहुंचे
कांग्रेस नेता जयराम रमेश के मुताबिक बैठक में कुल 19 विपक्षी दल शामिल हैं। इनमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार गुट), शिवसेना (यूबीटी), आरजेडी, सीपीआई (एम), सीपीआई, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, जेएमएम, सीपीआई-एमएल, आईयूएमएल, केरल कांग्रेस (एम), एमडीएमके, वीसीके, आरएसपी, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक और केरल कांग्रेस (जे) शामिल हैं।
समाजवादी पार्टी की ओर से अखिलेश यादव बैठक में शामिल नहीं हुए और उनके स्थान पर पार्टी के प्रतिनिधि पहुंचे। वहीं AAP और DMK बैठक से बाहर हैं।
CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर भी रणनीति पर चर्चा
बैठक के एजेंडे में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद में कार्रवाई की मांग और विपक्ष की संयुक्त रणनीति भी शामिल है। विपक्षी दल चुनाव आयोग के कामकाज और SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं। बैठक में इन मुद्दों पर आगे की संयुक्त राजनीतिक कार्रवाई और आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की जा रही है।
विपक्षी दलों की ओर से चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़े मामलों पर साझा रुख बनाने की कोशिश की जा रही है।



